रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में 10 अक्टूबर 2025 सैनी थाना पुलिस और विशेष ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने नवविवाहिता अंजली पटेल की गला रेतकर हत्या के मामले का सफल अनावरण कर आरोपी बलवीर पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित का नाम सामने आया था। बतादें दिनांक 08.10.2025 को थाना सैनी के कस्बा सिराथू, मोहल्ला कानूनगो का पुरवा (वार्ड नं. 11) में घर के अंदर अंजली पटेल नामक नवविवाहिता की गला रेतकर हत्या की जानकारी पर पीड़िता के पिता श्रवण कुमार पटेल की तहरीर पर मु0अ0सं0 345/25 एंव धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना स्थल का निरीक्षण पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज अजय कुमार मिश्रा एवं अन्य अधिकारियों के निर्देशन में कराया गया।
जांच-पड़ताल और सबूत...
थानाध्यक्ष सैनी धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चल रही विवेचना में फील्ड यूनिट ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस रिकॉर्ड तथा संदिग्ध नंबरों की कॉल डिटेल के विश्लेषण से पता चला कि मृतका और संदिग्ध बलवीर पटेल (पुत्र विजय बहादुर, निवासी गरीब का पुरवा, थाना कोखराज) के बीच घटना के दिन 13 बार और पिछले दो माह में कुल 548 बार बातचीत हुई थी। घटना के दिन की सभी 13 कॉल मृतका की ओर से की गई थीं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपित को घटना से पूर्व मृतका के घर आते और घटना के बाद वहां से वापस जाते हुए देखा गया, जिससे बलवीर का नाम त्वरित जांच में उजागर हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई।
गिरफ्तार और मुठभेड़ में घायल...
पुलिस ने बताया कि 10 अक्टूबर 2025 की सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना सैनी व एसओजी की संयुक्त टीम ने सायरा ओवर ब्रिज के पास चेकिंग की। जब नहर पटरी के पास मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, तो वह भागते हुए गिर गया और भागने के दौरान पुलिस पर जानलेवा फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ। घायल आरोपी को मौके पर हिरासत में लेकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। प्राथमिकी अनुसार अभियुक्त को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
आरोपी का कथन...
गिरफ्तार अभियुक्त बलवीर पटेल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसका मृतका अंजली पटेल के साथ लगभग दो वर्षों से प्रेम प्रसंग था। उसने बताया कि अंजली के परिजनों ने उसकी शादी नहीं की और मई 2025 में अंजली की दूसरी जगह सिराथू में शादी कर दी गई। शादी के बाद भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत बनी रही। वहीं मैंने उसे भगाकर ले जाने की नीयत से 02.10.2025 को उसके घर आया था, पर वह साथ जाने को तैयार नहीं हुई। 08.10.2025 को दोबारा मैं उसके घर गया, तब मेरे और उसकी बीच विवाद हुआ। उसने पैसे व गहने की मांग की और मेरे मोबाइल की इनकमिंग कॉल ब्लॉक कर दी थी। गुस्से में आकर मैंने चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया।"
आगे की कार्यवाही...
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी निष्कर्षों के आधार पर मुकदमे की गहन जांच शुरू कर दी है। आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की प्रक्रिया जारी है और चिकित्सा के बाद उसे पुलिस रिमांड/जांच के लिए न्यायिक प्रक्रिया के समक्ष पेश किया जाएगा।
0 Comments