रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के कुशल मार्गदर्शन में जनपद महोबा में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के माहौल में मनाई गई। नगर के वाल्मीकि चौराहा स्थित भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर जिला पंचायत अध्यक्ष जे.पी. अनुरागी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकारों द्वारा वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ आयोजित किया गया, जिसमें कलाकारों का नेतृत्व संगीताचार्य जगप्रसाद तिवारी ने किया। जिला पंचायत अध्यक्ष जे.पी. अनुरागी ने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि संपूर्ण विश्व के आदि कवि हैं। उनके द्वारा रचित वाल्मीकि रामायण आज भी मानव समाज के लिए प्रेरणा का अमिट स्रोत है। नई पीढ़ी को वाल्मीकि रामायण का अध्ययन कर उसके आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया ने कहा कि आदिकवि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण आज भी समाज को सच्चाई, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, दाऊ तिवारी, जगप्रसाद तिवारी, संतोष वाल्मीकि, सीताराम वाल्मीकि, वीरेंद्र वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पर्यटन अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त श्रीवास्तव ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा जनपद के विभिन्न मंदिरों — वाल्मीकि मंदिर खरेला, कुलपहाड़ के रामलला मंदिर, बेलाताल के हनुमान मंदिर, चरखारी के वाल्मीकि मंदिर, नगर महोबा के बड़े हनुमान मंदिर तथा श्रीनगर के रामराजा मंदिर में भी अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
0 Comments