रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में संदीपन घाट थाना अंतर्गत मूरतगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के बड़ी धन्नी गांव के पास गुरुवार की शाम सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बलिहावा गांव निवासी कल्लू पटेल (20 वर्ष) पुत्र दुखराज पटेल 2 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन करने पक्का तालाब मूरतगंज गया था। विसर्जन के बाद जब वह बड़ी धन्नी गांव के पास सड़क पार कर घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कल्लू सड़क पर गिर पड़ा और तड़पते हुए कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मूरतगंज चौकी प्रभारी अजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आलमचंद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
0 Comments