रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र के मखऊपुर गांव में गुरुवार शाम करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, मखऊपुर निवासी अनिल कुमार यादव (47 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गुलाब सिंह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कराकर घर लौटे थे। शाम करीब 6.30 बजे वह अपने घर के बाहर लोहे की ग्रिल में दुर्गा माता का बैनर बांध रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार हाईटेंशन लाइन के संपर्क में बैनर में लगा लोहे का रॉड आ गया, जिससे उसमें करंट उतर आया। हवा चलने के कारण बैनर का रॉड हाईटेंशन लाइन से छू गया और अनिल उसकी चपेट में आ गए। करंट लगते ही झुलसे अनिल ने छोटे भाई पिंटू को आवाज़ लगाई, जो दौड़कर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। परिजन उन्हें प्रयागराज के कई निजी अस्पतालों में ले गए, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति बताते हुए इलाज से मना कर दिया। बाद में स्वरूप रानी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनिल की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों बड़ी बेटी नीलम (23), मंझली बेटी तनु (20) और छोटा बेटा अतुल (18) को बेसहारा छोड़ गए हैं। परिवार की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी। छोटे भाई पिंटू सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
0 Comments