Ticker

6/recent/ticker-posts

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कौशाम्बी दौरा, सरकार की गिनाई उपलब्धियां...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को जनपद कौशाम्बी के मंझनपुर स्थित डायट मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की दीदियों को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कौशाम्बी जनपद में विकास की एक नई शुरुआत हो चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशाम्बी अभूतपूर्व क्षमताओं से परिपूर्ण जनपद है और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने में यह जिला अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट विकसित भारत, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, किसानों की समृद्धि और गरीबों के उत्थान की दिशा में मील का पत्थर है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री का आभार जताया। श्री मौर्य ने बताया कि जनपद में कुल 47 करोड़ 89 लाख रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है।

इसके साथ ही कौशाम्बी सहित अयोध्या, सहारनपुर और बरेली में इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण जनपद के विकास के लिए बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब परिवार से आने वाले नेता हैं, जिन्होंने सत्ता में आने के बाद गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए अनेक योजनाएं लागू कीं। अब तक 4 करोड़ लोगों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है और 3 करोड़ और आवास दिए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों को पेंशन, राशन कार्ड और अन्य योजनाओं से शीघ्र लाभान्वित किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वयं सहायता समूह से एक करोड़ दीदियों को जोड़ा जा चुका है, जिसे बढ़ाकर तीन करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है।

साथ ही एक करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को आगामी 100 दिनों में प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच करोड़ रुपये की परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशाम्बी को अब पलायन करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला जिला बनाया जाएगा। संत शिरोमणि रविदास के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज कोई भी भूखा नहीं सो रहा है और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक चायल पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंझनपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण किया और मरीजों से संवाद कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments