ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद के संदीपन घाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत काजीपुर में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात व्यक्ति ने 75 वर्षीय वृद्ध महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लखपतीया पत्नी रामदुलारे, उम्र लगभग 75 वर्ष, निवासी ग्राम काजीपुर के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतका के पुत्र रामशरण पुत्र रामदुलारे ने थाना संदीपन घाट में तहरीर देकर बताया कि दिनांक 8/10/2026 की रात्रि उसकी माताजी घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका गला दबाकर हत्या कर दी। सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ी थीं। सूचना मिलते ही संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मृतका के गले पर उंगलियों के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होती है। मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और शीघ्र ही मामले का सफल अनावरण किया जाएगा।
0 Comments