रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नवरात्रि एवं रामनवमी त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विद्युत विभाग को तारों की जांच करने तथा जल संस्थान को निर्धारित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने और आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत राज अधिकारी को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में साफ-सफाई, मुख्य चौराहों पर सजावट तथा सड़कों पर कूड़ा न रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि जुलूस एवं आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं एवं समाज के संभ्रांत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और जनपद में शांति व भाईचारे की परंपरा बनाए रखने की बात कही। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुंवर पंकज, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, उपजिलाधिकारी महोबा शिवध्यान पांडे, उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ डॉ. प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शहर काजी अफाक हुसैन, रामजी गुप्ता, शिवकुमार गोस्वामी, दाऊ तिवारी, मनु गुप्ता समेत गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
0 Comments