Ticker

6/recent/ticker-posts

सीमा विवाद में उलझी दो थानों की पुलिस, चार घंटे तक अस्पताल के बाहर पड़ा रहा युवक का शव...

रिपोर्ट-राजकुमार 

कौशाम्बी : जनपद में चरवा थाना क्षेत्र के चिल्ला शहबाजी गांव के पास एक दर्दनाक घटना ने पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थिति उस समय और संवेदनहीन हो गई, जब युवक का शव करीब चार घंटे तक अस्पताल के बाहर ही पड़ा रहा। बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के बीच क्षेत्राधिकार (जुरिस्डिक्शन) को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके चलते किसी ने भी शव को कब्जे में लेने की जिम्मेदारी नहीं निभाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन आपसी सीमा विवाद के चलते कार्रवाई टलती रही। इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में आक्रोश देखा गया और उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। काफी देर बाद मामला सुलझने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक समन्वय की कमी और मानवीय संवेदनाओं के अभाव को उजागर कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments