Ticker

6/recent/ticker-posts

नाबालिग लड़कियों को बेचने का आरोप, पीड़िता ने एसपी से किया शिकायत...

रिपोर्ट-स्वाति यादव 


कौशाम्बी : जनपद के संदीपनघाट थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें नाबालिग लड़कियों की तस्करी और पुलिस की कथित लापरवाही के आरोप लगे हैं। ग्राम उमरपुर निवासी गीता देवी ने आरोप लगाया है कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री आरती देवी को गांव की ही एक महिला और उसके परिजनों द्वारा बहला-फुसलाकर मुम्बई ले जाया गया, जहां उसे बेचने की कोशिश की गई। पीड़िता के अनुसार, आरती के साथ गांव की ही 15 वर्षीय मोहनी भी मुम्बई गई थी। गीता देवी का आरोप है कि पहले आरती को बेचने का प्रयास किया गया, लेकिन असफल रहने पर आरोपियों ने अपनी ही नाबालिग पुत्री मोहनी को 20 फरवरी 2026 को बेच दिया। बताया गया कि इस मामले में गीता देवी ने संदीपनघाट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुम्बई से दोनों लड़कियों को बरामद कर लिया। बाद में दोनों के बयान चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) कौशाम्बी में दर्ज किए गए, जहां उनकी उम्र क्रमशः 14 और 15 वर्ष बताई गई। गीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पुत्री के चांदी के आभूषण (करधनी व पायल) को गांव के ही एक सुनार को 54 हजार रुपये में बेच दिया गया, जिसकी रकम अब तक वापस नहीं मिली है।

सबसे गंभीर आरोप पुलिस पर लगाया गया है। गीता देवी का कहना है कि जब उन्होंने नाबालिग लड़की को बेचे जाने का विरोध किया, तो थाना प्रभारी ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि यह उनकी लड़की है, वे कुछ भी करें। साथ ही, बीच में आने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी गई। पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर भी की है और उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच व सख्त कार्यवाही की मांग की है।

मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल मानव तस्करी बल्कि बाल संरक्षण कानूनों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।

Post a Comment

0 Comments