Ticker

6/recent/ticker-posts

ई-पॉप डिवाइस से होगी खरीद, "पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर मिलेगा लाभ...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गेहूं खरीद को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुंवर पंकज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सभी क्रय केन्द्र प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी केन्द्र प्रभारियों को ई-पॉप डिवाइस उपलब्ध कराए गए। ई-पॉप इंजीनियर द्वारा डिवाइस के संचालन का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस बार गेहूं खरीद आईरिश ऑथेंटिकेशन के माध्यम से की जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुरक्षित होगी। भारतीय खाद्य निगम के प्रतिनिधि ने गेहूं की गुणवत्ता मानकों के बारे में जानकारी दी, वहीं जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने कृषक पंजीकरण की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया गया कि अधिकांश पंजीकरण स्वतः सत्यापित हो रहे हैं। जिन किसानों का सत्यापन नहीं हो पा रहा है, वे कम्प्यूटरीकृत खसरा/खतौनी और आधार कार्ड के साथ संबंधित केन्द्र प्रभारी से संपर्क कर सत्यापन करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गेहूं की खरीद “पहले आओ, पहले पाओ” के सिद्धांत के आधार पर ही की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को नियमित रूप से क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनपद में गेहूं खरीद के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है। किसी भी समस्या के समाधान हेतु किसान दूरभाष संख्या 05281-298431 पर संपर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments