Ticker

6/recent/ticker-posts

अवैध बालू के भंडारण का खेल जारी, करारी क्षेत्र के जिम्मेदार बने मौन...

रिपोर्ट-स्वाति यादव 

कौशाम्बी : जनपद के करारी क्षेत्र में अवैध बालू और मोरंग के भंडारण का खेल बड़े पैमाने पर जारी है। बिना किसी वैध लाइसेंस के खुलेआम भारी मात्रा में बालू-मोरंग का स्टॉक किया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार करारी कोतवाली के सामने, संतोष ट्रेडर्स के पीछे, मोअज्जमपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पीछे तथा मेला मैदान में अवैध रूप से बालू-मोरंग का भंडारण किया गया है। हैरानी की बात यह है कि ये भंडारण मुख्य सड़कों तक फैले हुए हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी अवैध स्टॉक से बालू ऊंचे दामों पर बेची जा रही है, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों ने राजस्व विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि “गुलाबी नोटों” के प्रभाव में आकर अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध भंडारण पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस गैरकानूनी कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments