Ticker

6/recent/ticker-posts

अड़हरा में युवक की धारदार हथियार से हत्या, पत्नी ने अंतिम संस्कार से किया इनकार...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जनपद में करारी थाना क्षेत्र के अड़हरा गांव में रविवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से युवक भारत यादव की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान भारत यादव पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार में तीसरे नंबर पर था और दो भाइयों और पांच बहनों के बड़े परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा था। इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हत्याकांड के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है। मृतक की पत्नी ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। उनका आरोप है कि अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं पहुंचा, जिससे परिवार में भारी नाराजगी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार दो अन्य आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। उधर, परिजनों ने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments