Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज रफ्तार डंपर ने ली दो जिंदगियां, सड़क किनारे खड़े युवक-युवती की मौत...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के टहेरा गांव के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे खड़े युवक और किशोरी को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार, चित्रकूट जनपद के रैपुरा थाना क्षेत्र स्थित अकोरा माफी गांव निवासी अंशिका (16) पुत्री अवध बिहारी अपने रिश्तेदारों के यहां टहेरा गांव आई हुई थी। शनिवार दोपहर वह अपने रिश्तेदार अरविंद सिंह पटेल (22) पुत्र ज्ञान सिंह पटेल के साथ सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने दोनों को रौंद दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, इस हादसे को लेकर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग भी उठने लगी है।

Post a Comment

0 Comments