रिपोर्ट-स्वाति यादव
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र की एक पुलिस चौकी से जुड़ा कथित विवादित आडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चौकी के अंदर एक व्यक्ति और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी होती नजर आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति बिना अनुमति पुलिस चौकी में घुसकर टेबल पर रखे दस्तावेजों की फोटो खींच रहा था। ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने जब उसे रोका और पूछताछ की, तो आरोप है कि वह व्यक्ति गाली-गलौज पर उतर आया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी (SHO) भी मौके पर पहुंचे और कड़ी नाराजगी जताई। वायरल वीडियो में SHO यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बिना अनुमति किसी सरकारी कार्यालय में प्रवेश कर दस्तावेजों की फोटो लेना कितना उचित है।
घटना के बाद एक कथित आडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिस पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि अन्य इसे अनुशासन बनाए रखने की आवश्यक कार्यवाही बता रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
0 Comments