Ticker

6/recent/ticker-posts

सराय अकिल में दिनदहाड़े खूनी संघर्ष, पुलिस की भूमिका पर सवाल...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

#कौशाम्बी : सराय अकिल कस्बे में रविवार को दिनदहाड़े दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर करीब एक घंटे तक लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलते रहे, लेकिन पुलिस देर से मौके पर पहुंची, जिससे उसकी कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, भगवतीगंज इलाके में जमीन विवाद को लेकर करीमुल्लाह और भानु प्रताप सिंह के बीच लंबे समय से तनाव चला आ रहा था। दोनों पक्षों द्वारा कई बार थाना और तहसील स्तर पर शिकायतें की गईं, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। रविवार दोपहर यह विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। करीमुल्लाह पक्ष से रहीसुल्लाह समेत दर्जनों लोग लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं दूसरे पक्ष से भानु प्रताप सिंह, बबलू यादव, अनिल तिवारी सहित कई लोग इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।

 महिलाओं ने भी ईंट-पत्थर चलाए और लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें करीमुल्लाह की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से पांच नामजद और करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस पहले ही विवाद को गंभीरता से लेकर समाधान कर देती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

Post a Comment

0 Comments