Ticker

6/recent/ticker-posts

बाइक सवार ने दरोगा की बाइक में मारी टक्कर, पीआरडी जवान का टूटा पैर...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र में बीती रात एक तेज रफ्तार बाइक सवार की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। थाना चरवा में तैनात पीआरडी जवान लल्लन पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वे रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सरोज के साथ किसी वारदात की सूचना पर मौके के लिए रवाना हुए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी जैसे ही थाना परिसर से कुछ दूरी पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दरोगा की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और दोनों सवार गिरकर घायल हो गए। हादसे में उपनिरीक्षक को भी चोटें आई हैं, जबकि पीआरडी जवान लल्लन पाल का पैर गंभीर रूप से टूट गया।

घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घायल लल्लन पाल ने बताया कि थाना पुलिस का कहना है कि फरार बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के प्रति लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और तेज गति से वाहन न चलाएं, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

0 Comments