ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। चायल तहसील क्षेत्र के ग्राम उजिहनी खालसा गौसपुर निवासी किसान अशोक कुमार ने उप जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए अपनी नष्ट हुई फसल के लिए मुआवजे की मांग की है। पीड़ित किसान अशोक कुमार, जो कि अत्यंत गरीब एवं असहाय हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ने गंगा कछार क्षेत्र में लगभग 3 बीघा भूमि पर तरबूज एवं सब्जी की फसल बोई थी। इसके लिए उन्होंने उधार लेकर बीज व खाद की व्यवस्था की थी। लेकिन 31 मार्च 2026 को अचानक आई तेज बारिश और ओलावृष्टि (पत्थर गिरने) के कारण उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई।
किसान के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में उसे करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फसल नष्ट होने से उसके सामने परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने घटना को हृदय विदारक बताते हुए प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में अशोक कुमार ने अनुरोध किया है कि मौके की जांच कराकर उसे उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वह पुनः फसल बोकर अपने परिवार का गुजारा कर सके।
उप जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं, क्षेत्र के अन्य किसानों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बेमौसम बारिश से प्रभावित सभी किसानों का सर्वे कर उन्हें जल्द राहत दी जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके।
0 Comments