ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद के चरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरियावां में आपसी विवाद के चलते एक ही बिरादरी के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0 Comments