Ticker

6/recent/ticker-posts

राम जन्मोत्सव पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत...

रिपोर्ट-विनय गुप्ता 

प्रयागराज : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रयागराज में विश्व हिन्दू परिषद के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भरद्वाज प्रखण्ड अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा का शुभारम्भ भरद्वाजपुरम (अल्लापुर) स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से महंत गौतम जी महाराज सहित विभिन्न पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पूजन और महाआरती के साथ किया गया। इस अवसर पर विहिप क्षेत्र सेवा प्रमुख विकास कौशिक, प्रांत अध्यक्ष के.पी. सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा क्षेत्र अध्यक्ष अवधेश चन्द्र गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यात्रा में रामदरबार की आकर्षक झांकियां, विजय पताका, डीजे-बैंड और भक्ति संगीत ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा मटियारा रोड होते हुए अलोपी माता मंदिर के पास श्री राम मिष्ठान भंडार पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और आरती कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समापन के बाद प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि रामलला के आशीर्वाद से शहर में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहेगी। इस आयोजन में विहिप पदाधिकारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिनके द्वारा शोभायात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

Post a Comment

0 Comments