Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था उजागर, वायरल हो रहे वीडियो से उठे सवाल...

रिपोर्ट-स्वाति यादव 

कौशाम्बी : जनपद के जिला अस्पताल की लचर स्वास्थ्य सेवाएं एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। वीडियो में एक युवक अपने बुजुर्ग परिजन को कंधे पर उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है, जो स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत बयां कर रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। सबसे गंभीर समस्या स्ट्रेचर की उपलब्धता को लेकर सामने आई है। लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में भी मरीजों को समय पर स्ट्रेचर नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें अपने परिजनों को खुद उठाकर ओपीडी तक ले जाना पड़ता है। इससे गंभीर मरीजों की हालत और बिगड़ने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, अस्पताल पर यह भी आरोप लग रहे हैं कि यहां आने वाले मरीजों को बाहर की महंगी दवाएं लिखी जा रही हैं।

इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन व्यवस्थाओं में कोई ठोस सुधार नहीं हो पाया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आम जनता अब प्रशासन से जवाब और ठोस कार्यवाही की उम्मीद कर रही है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए जाते हैं।

Post a Comment

0 Comments