रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के पट्टी परवेजाबाद मजरा अस्तुल्लागंज गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी देशराज पुत्र रामबली साइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में स्थित तालाब के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में जा गिरे। किसी की नजर न पड़ने के कारण वह पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद जब शव पानी की सतह पर ऊपर आया तो ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी।
सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची संदीपन घाट थाना पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
0 Comments