Ticker

6/recent/ticker-posts

लेनदेन के विवाद में बढ़ा विवाद, युवक पर लाठी-डंडों से हमला...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के मेडुवा पर स्थित एक इंटर कॉलेज के पास शुक्रवार शाम करीब 5 बजे लेनदेन के विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चरवा थाना क्षेत्र के फरीदपुर सलेम गांव निवासी सोनू पासी पुत्र दशरथ लाल अपनी पत्नी हीरामती के साथ दवा लेने पूरामुफ्ती जा रहे थे। जैसे ही दंपत्ति बीएल इंटर कॉलेज, मेडुवा के पास पहुंचे, तभी देशराज यादव और उसके बेटे सौरभ कुमार और शुभम ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए तीनों ने सोनू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित सोनू पासी के अनुसार, देशराज यादव ने करीब छह महीने पहले उससे एक लाख रुपये उधार लिए थे। कई बार पैसा वापस मांगने पर विवाद होता रहा और पहले भी मारपीट की कोशिश की गई थी।

इसी लेनदेन के विवाद में शुक्रवार को हमला किया गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई सोनू की पत्नी हीरामती के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता और मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments