रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के पट्टी परवेजाबाद बड़े गांव में गुरुवार शाम एक अधेड़ ने कथित तौर पर व्यवस्था से परेशान होकर खुद को आग के हवाले कर लिया। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, मस्ताना 55 पुत्र नन्हे ने ऑटो वाहन से डीजल निकालकर अपने शरीर पर डाल लिया और आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दौड़कर किसी तरह आग बुझाई और उसे बचाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसके शरीर पर बड़े-बड़े फफोले पड़ गए और चमड़ी तक झुलस गई। सूचना मिलते ही मूरतगंज चौकी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि वह नशे का आदी था और उसी के प्रभाव में उसने यह कदम उठाया। वहीं परिजन घटना से सदमे में हैं। बताया जाता है कि मस्ताना के दो बेटियां और छह बेटे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
0 Comments