ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पूरामुफ्ती गेट गांव में कथित रूप से स्मैक की खुलेआम बिक्री का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक युवक इलाके में घूम-घूमकर नशे की पुड़िया बेच रहा है, जिससे युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह अवैध कारोबार सुबह से लेकर शाम तक बेखौफ तरीके से चलता है। लोगों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। आरोप है कि इससे नशेड़ियों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि कथित रूप से इस धंधे में गांव का एक युवक शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के हल्का दरोगा और सिपाहियों की मिलीभगत के चलते यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कथित रूप से पुलिस तक नियमित रूप से रकम पहुंचने की बात भी कही जा रही है।
जिसके कारण कार्यवाही नहीं हो रही। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि होलिका दहन स्थल के आसपास अक्सर संदिग्ध गतिविधियां देखी जाती हैं, जहां कथित तौर पर नशे की सप्लाई की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति समाज के लिए बेहद खतरनाक होती जा रही है और यदि समय रहते रोकथाम नहीं हुई, तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। इस पूरे मामले को लेकर जब संबंधित पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है।
लेकिन जांच कराकर ऐसे लोगों को विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। हालांकि, क्षेत्र के लोगों ने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द सख्त कदम नहीं उठाता है, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल, यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग कार्यवाही का इंतजार कर रहे हैं।
0 Comments