Ticker

6/recent/ticker-posts

डीसीएम की टक्कर से मासूम बच्ची की मौत, देवस्थान बधाई पूजने जा रही थीं महिलाएं...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : करारी थाना क्षेत्र के भाईला मखदूमपुर गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गांव की दर्जनों महिलाएं शादी के बाद देवस्थान पर बधाई पूजने नाचते-गाते जा रही थीं। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डीसीएम ने बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार भाईला मखदूमपुर गांव निवासी रिया सरोज 7 पुत्री सुनील सरोज महिलाओं के साथ देवस्थान की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के बाहर तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश फैल गया। भीड़ बढ़ती देख डीसीएम चालक वाहन छोड़कर समदा रोड की ओर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची करारी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से डीसीएम को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments