Ticker

6/recent/ticker-posts

रसूलपुर ब्यूर घाट पर अवैध बालू खनन जारी, ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 


कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर ब्यूर घाट पर अवैध बालू खनन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। ग्रामीणों का आरोप है कि यमुना नदी के बीच जलधारा में बड़ी-बड़ी पोकलैंड मशीनों से दिन-रात अवैध तरीके से बालू निकाला जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय मौन बने हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक घाट पर कई दर्जन डंपर लगातार बालू लादकर फर्राटा भर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से न सिर्फ राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि यमुना नदी के अस्तित्व और पर्यावरण पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। आरोप है कि एनजीटी के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन प्रशासनिक अमला पूरी तरह बेअसर दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर किसके संरक्षण में अवैध खनन का यह कारोबार संचालित हो रहा है।

उनका कहना है कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति भी बालू माफियाओं के आगे बेअसर नजर आ रही है। रात-दिन चल रहे इस खेल से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर अवैध बालू खनन पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन सख्ती दिखाता है या फिर सब कुछ पहले की तरह चलता रहेगा।

Post a Comment

0 Comments