Ticker

6/recent/ticker-posts

नगर निगम के नए सदन हॉल का उद्घाटन, सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


प्रयागराज : सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रयागराज नगर निगम के नवनिर्मित सदन हॉल एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा मां गंगा की धारा की तरह निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि “चरैवेति-चरैवेति” के मंत्र के साथ डबल इंजन सरकार विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज अब भय, अराजकता और माफियागिरी से मुक्त होकर विकास और आध्यात्मिक विरासत की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कुंभ और माघ मेले अव्यवस्था के प्रतीक बन गए थे, लेकिन वर्ष 2019 के कुंभ और महाकुंभ-2025 ने प्रयागराज को वैश्विक पहचान दिलाई। यूनेस्को द्वारा कुंभ को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता मिलना भारतीय संस्कृति के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज में विकसित की गई अवस्थापना सुविधियां यदि बेहतर तरीके से संरक्षित की जाएं तो वे आने वाले कुंभ तक स्थायी धरोहर बन जाएंगी।

उन्होंने नगर निगम और महापौर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विरासत को विकास से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया है। 161 वर्ष पुरानी नगर निगम इमारत अब भव्य स्वरूप में सामने आई है तथा पार्षदों के लिए आधुनिक सदन हॉल तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में जोनल पार्क, शिवालिक पार्क और अन्य विकास कार्यों से प्रयागराज को नई पहचान मिल रही है। शिवालिक पार्क में 400 टन वेस्ट मटेरियल से तैयार द्वादश ज्योतिर्लिंग की प्रतिकृतियों को वेस्ट टू वेल्थ की उत्कृष्ट मिसाल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय वट और सरस्वती कूप को श्रद्धालुओं के लिए खोलना तथा महर्षि भारद्वाज आश्रम को अतिक्रमण मुक्त कर भव्य स्वरूप देना प्रयागराज की सांस्कृतिक गरिमा को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रयागराज स्मार्ट सिटी के रूप में नई विकास यात्रा पर अग्रसर है और हर वार्ड व मोहल्ले तक विकास पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और बेटियां, व्यापारी व आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराध और छेड़छाड़ करने वालों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। महाकुंभ-2025 के दौरान प्रयागराजवासियों द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा शहर इस आयोजन को अपने घर का कार्यक्रम मानकर सफल बनाने में जुटा रहा। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बनने से प्रयागराज से दिल्ली की दूरी काफी कम हो गई है। साथ ही गंगा नदी पर करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन पुल तथा फाफामऊ पुल का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इन परियोजनाओं का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रयागराज नगर निगम के तीन वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया तथा प्रयागराज मेला प्राधिकरण की नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने सफाई मित्रों को किट वितरित कर सम्मानित किया और सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments