रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के तिल्हापुर गांव के समीप बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार पिपरी थाना क्षेत्र के फरीदपुर मजरा औधन गांव निवासी रमेशचन्द्र साहू 35 वर्ष बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपने 12 वर्षीय बेटे शिवांश साहू को बाइक पर बैठाकर पुरखास गैस एजेंसी सिलेंडर लेने जा रहे थे। शिवांश बाइक पर पीछे बैठा खाली सिलेंडर पकड़े हुए था। बताया गया कि जैसे ही उनकी बाइक नहर रोड पर तिल्हापुर गांव स्थित सुंदरलाल दुबे के नलकूप के पास पहुंची, सामने से आ रही बिरनेर गांव निवासी जयनारायण पाल 19 वर्ष की बाइक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेशचन्द्र साहू और जयनारायण पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइकों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। घायल शिवांश को एंबुलेंस से सीएचसी सरायअकिल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में निरीक्षक शेर सिंह वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और नियमानुसार आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
0 Comments