रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के अकबराबाद गुहौली गांव में जमीन बंटवारे को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे और हंसिया भी बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार 24 मई को जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। मारपीट में कई लोग घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची सराय अकिल पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने सरैया नहर पुलिया के पास से चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार, राजकपूर उर्फ विजय, शिव सागर और शशी कपूर उर्फ बंटा निवासी अकबराबाद गुहौली शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया है। सराय अकिल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
0 Comments