रिपोर्ट-संदीप कुमार
कौशाम्बी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के गढ़ी बाजार में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। मिली जानकारी के अनुसार, बैरमपुर से पश्चिम शरीरा जाने वाले मार्ग पर गढ़ी बाजार स्थित बीपीएस पब्लिक स्कूल से लगभग 50 मीटर आगे सड़क किनारे करीब 40 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला। सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने महिला को वहां पड़े देखा, जिसके बाद डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पश्चिम शरीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है
0 Comments