रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कछार गंगा घाट पर गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्नान करने गए चार दोस्त गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवक अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर कछार गांव के चार युवक गंगा स्नान करने घाट पर गए थे। नहाते समय अचानक चारों गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं दो अन्य युवकों का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस और गोताखोरों की टीम स्टीमर और जाल की मदद से गंगा में लगातार तलाश कर रही है। एनडीआरएफ को भी सूचना दे दी गई है ताकि खोज अभियान तेज किया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही लापता युवकों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घाट पर पहुंच गए।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर चीख-पुकार और मातम का माहौल बना हुआ है। कोखराज थाना प्रभारी ने बताया कि चार युवक स्नान के दौरान डूब गए थे। दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो की तलाश जारी है। लोगों से अपील की गई है कि गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से बचें।
0 Comments