ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना के सामने जीटी रोड किनारे एक ऑटो चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती गांव निवासी मंसूर अहमद पुत्र स्वर्गीय महबूब अहमद के रूप में हुई है, जो ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि शव के पास ही उसकी ऑटो गाड़ी भी खड़ी मिली, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आशंका जताई है कि मंसूर अहमद की हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंका गया है।
उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजन मौके पर मौजूद हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग की है, ताकि मृतक के परिवार को न्याय मिल सके।
0 Comments