रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के धन्नी सकाढ़ा ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे एक श्रमिक का ई-रिक्शा मंगलवार को रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मजदूर ई-रिक्शा के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार कोखराज थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी सुनील कुमार 30 पुत्र राम विशाल धन्नी सकाढा स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी का कार्य करता है। मंगलवार सुबह वह ई-रिक्शा से भट्ठे पर काम करने जा रहा था। इसी दौरान कोखराज थाना क्षेत्र के बघेलापुर गांव के पास ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सुनील कुमार उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस कर्मी रवि तिवारी और महेश कुमार मौके पर पहुंचे तथा घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद मूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
0 Comments