रिपोर्ट-संदीप कुमार
कौशाम्बी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में चार दिन पहले सड़क किनारे मिले अज्ञात महिला के रक्तरंजित शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अवैध देह व्यापार के धंधे में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि 15 मई 2026 को ग्राम गढ़ी बाजार के आगे पश्चिम शरीरा-बैरमपुर रोड किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर जजौली महावां नहर पटरी रोड स्थित कुर्मियन का डेरा के पास एक संदिग्ध कार को रोका गया। कार में सवार अनूपा उर्फ अमृता पत्नी दिनेश राय निवासी आजमगढ़, अभिनन्दन उर्फ विभांशु और अवनीश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का लाल रंग का पर्स, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त इको स्पोर्ट कार बरामद कर ली है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अनूपा उर्फ अमृता ने बताया कि उसकी पहचान मृतका मगलावती पत्नी इन्दर लोधी निवासी भगतन का पुरवा, मंझनपुर से पिछले दो वर्षों से थी। 14 और 15 मई की रात मगलावती ने उसे फोन कर चित्रकूट घूमने चलने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह अपने बहन के दोनों बेटों के साथ कार लेकर पहुंची और मृतका को बैठाकर निकल गई।
रास्ते में पेट्रोल डलवाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर मृतका द्वारा कार में मौजूद लोगों को पैर मारने से नाराज होकर तीनों आरोपियों ने पहले उसका गला दबाया और फिर दुपट्टे से कसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बैरमपुर के पास सड़क किनारे फेंककर सभी प्रयागराज लौट गए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया है।
0 Comments