Ticker

6/recent/ticker-posts

नशे में विवाद करना पति को पड़ा भारी, पत्नी के हमले में पति की मौत...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पभोसा गांव में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पत्नी द्वारा पत्थर से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार पभोसा गांव निवासी 42 वर्षीय पप्पू केवट शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि उसका पत्नी गुड़िया से आए दिन विवाद होता रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक तीन दिन पहले भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया था। बताया जाता है कि मंगलवार देर रात पप्पू शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी गुड़िया ने पास में पड़े पत्थर से पप्पू के सिर और सीने पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल पप्पू पूरी रात दर्द से तड़पता रहा। बुधवार सुबह परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पश्चिम शरीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments