Ticker

6/recent/ticker-posts

थाने से एक किमी दूर कट रहे हरे पेड़, लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच चरवा थाना क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के काजू गांव के बाहर दिनदहाड़े हरे-भरे विशाल पेड़ों पर आरी चलाई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि कटान स्थल चरवा थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों की नजर इस ओर नहीं पड़ रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही रहने वाला शनि नामक व्यापारी बिना अनुमति के बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों की कटाई करा रहा है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में जहां पेड़ों की सबसे अधिक जरूरत है, वहीं लकड़ी माफिया पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने में लगे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इसकी शिकायत पुलिस और वन विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। इससे लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और घटते भूजल स्तर के बीच हरे पेड़ों की कटाई बेहद चिंताजनक है। एक ओर सरकार पौधरोपण अभियान चला रही है वहीं दूसरी ओर अवैध कटान से पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। यदि समय रहते रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से अवैध कटान पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही  की मांग की है।

लोगों ने चेतावनी दी है कि कार्यवाही होने पर वे डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। बिना अनुमति पेड़ काटना अपराध है। दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments