रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जिले में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने रोही सरकारी स्कूल के पास भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते कई पेड़ और बिजली के खंभे मुख्य मार्ग पर गिर गए, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और इलाके की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शाम करीब 5 बजे अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। रोही सरकारी स्कूल से लगभग 50 मीटर आगे सड़क किनारे लगे विशाल पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर पड़े। पेड़ों की चपेट में आने से तीन बिजली के खंभे भी टूटकर गिर गए। राहत की बात यह रही कि उस समय स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी और सड़क पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बिजली के खंभे गिरने से रोही समेत आसपास के कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि घंटों बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे पेयजल संकट भी गहरा गया। लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। मुख्य मार्ग पर पेड़ और बिजली के तार गिरने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रुक गई है। ग्रामीणों ने खुद पेड़ों की डालियां काटकर रास्ता साफ करने की कोशिश की, लेकिन टूटे बिजली तारों के कारण खतरा बना हुआ है।
घटना की सूचना बिजली विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। बिजली विभाग के जेई ने बताया कि टीम को मौके पर भेज दिया गया है और जल्द ही खंभे व तार दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मार्ग खुलवाने और बिजली व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।
0 Comments