रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बलिहावा गांव के पास खेत में बकरी चरा रहे एक किशोर को बाइक सवार युवक जबरन उठाकर ले जाने लगे। इसी दौरान चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों की सतर्कता से किशोर सकुशल बच गया, जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार करारी थाना क्षेत्र के अगियौना गांव निवासी अर्जुन सरोज का 13 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश बुधवार शाम बलिहावा गांव के पास खेत में बकरी चरा रहा था। आरोप है कि तभी बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और किशोर को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे। उधर मूरतगंज पुलिस चौकी के आरक्षी योगेश कुमार और सोनू यादव बलिहावा गांव के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक किशोर को जबरन ले जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दोनों आरक्षियों ने बाइक सवार युवकों का पीछा किया।
पुलिस को पीछा करते देख आरोपी घबरा गए और पकड़े जाने के डर से रास्ते में ही किशोर को छोड़कर फरार हो गए। पुलिसकर्मी किशोर को सुरक्षित चौकी ले आए और घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। समाचार लिखे जाने तक आरोपी बाइक सवार युवकों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
0 Comments