Ticker

6/recent/ticker-posts

आलमचंद्र पूर्व प्रधान के हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपीयों को किया गिरफ्तार...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : संदीपनघाट थाना क्षेत्र के ग्राम आलमचंद्र में पूर्व प्रधान मनोज कुमार की गोली मारकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को सूरज कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी आलमचंद्र ने थाना संदीपनघाट में सूचना दी थी कि उसके पिता मनोज कुमार (45) सुबह करीब 5 बजे माहेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के पीछे टहलने गए थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मनोज कुमार को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में एसआरएन हॉस्पिटल प्रयागराज में भर्ती कराया गया, जहां 5 मई को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में थाना संदीपनघाट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और साइबर टीमों का गठन किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मंगलवार 13 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आदमपुर बसेड़ी क्षेत्र से सुलखान सिंह पुत्र छोटई और नीरज पुत्र कमलेश निवासी पट्टी नरवर थाना संदीपनघाट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान मनोज कुमार की हत्या की साजिश रचने और गोली मारने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गंगा नदी के काटी कछार क्षेत्र थाना हथिगवां जनपद प्रतापगढ़ से एक तमंचा 315 बोर और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की।

पुलिस ने मामले में धारा 238/3(5) बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट और 27 भारतीय साक्ष्य अधिनियम की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments