रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : विकास खंड मूरतगंज के ग्राम पंचायत सैय्यद सरावां में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में नियुक्त सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई कार्य नहीं करते, जिससे गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियां जाम रहने से बदबू और दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत करने के बाद जब सफाई कर्मचारी सफाई करने पहुंचते हैं तो नालियों से निकला कीचड़ और कचरा रास्तों पर ही छोड़कर चले जाते हैं। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात और गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध करने पर कुछ सफाई कर्मचारी अभद्रता और विवाद पर उतारू हो जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में नियमित सफाई न होने के कारण गलियों और नालियों में गंदगी जमा है। इससे गांव का वातावरण दूषित हो रहा है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नियमित निगरानी कराने तथा लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
0 Comments