Ticker

6/recent/ticker-posts

पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे थे बदमाश, मुठभेड़ के दौरान हुए गिरफ्तार...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जिले के कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र में देर रात पुलिस और लूट के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्यवाही में गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे नौढ़िया गांव के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक से इलाके में घूम रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान फतेहपुर जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के हैबतपुर निवासी श्यामजीत पुत्र इंद्रमन तथा कौशाम्बी के कड़ाधाम थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ला सौरई बुजुर्ग निवासी अमित सरोज पुत्र रमेश के रूप में हुई है। बताया गया कि 27 अप्रैल की रात नौढ़िया गांव के पास नहर पुलिया के सामने फतेहपुर निवासी संजय कुमार अपनी मां के साथ जा रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनसे लूटपाट की थी। घटना के बाद कड़ा धाम कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

सिराथू क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया ओप्पो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नकदी, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, चाकू तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments