रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र की शहजादपुर पुलिस चौकी के बगल से ओवरलोड बालू लदे डंपरों का बेखौफ आवागमन जारी है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने चौकी इंचार्ज जनार्दन सिंह पर अवैध बालू परिवहन कराने वालों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना दर्जनों ओवरलोड डंपर चौकी के ठीक सामने से गुजरते हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती। लोगों का आरोप है कि पुलिस संरक्षण के चलते बालू माफिया बेखौफ होकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
वहीं तेज रफ्तार डंपरों से राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार हादसे की स्थिति बन चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार स्थानीय स्तर पर की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई। अब ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण और खनन विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में हैं।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज जनार्दन सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं क्षेत्राधिकारी सिराथू ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments