Ticker

6/recent/ticker-posts

सरकार ने दी 88 परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री योगी ने किया शिलान्यास...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महोबा दौरे के दौरान जनपद को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कुल 697 करोड़ रुपये की 88 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने गोरखगिरि पर्वत पर पूजा-अर्चना और शिव तांडव मंदिर में दर्शन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने 254 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 166 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं चरखारी विधानसभा क्षेत्र में 144 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और 132 करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ की तपोस्थली और वीर आल्हा-ऊदल की जन्मभूमि को नमन किया। उन्होंने कहा कि गोरखगिरि पर्वत को पर्यटन और एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां रोपवे, होटल और अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास की योजना है। साथ ही महोबा महोत्सव से पहले पर्वतारोहण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा का देशावरी पान और यहां का ग्रेनाइट पत्थर प्रदेश की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और आज फिर लगभग 700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क और सकारात्मक जीवन का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। बुंदेलखंड में सिंचाई और पेयजल व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्जुन सहायक परियोजना के पूर्ण होने से महोबा और बांदा के किसानों को बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हर घर नल जल योजना से पेयजल संकट में कमी आई है, लेकिन जल संरक्षण के लिए जनसहभागिता आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर, केन-बेतवा लिंक परियोजना और औद्योगिक विकास के जरिए नई पहचान बना रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और अब निवेश तथा रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता भी वितरित की। इसमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लैपटॉप, एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूहों को 2.47 करोड़ रुपये का डेमो चेक, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थी को आवास की चाबी, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र, युवा उद्यमी योजना के तहत आर्थिक सहायता तथा किसानों को अनुदान एवं मुआवजा राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी), विधायक राकेश गोस्वामी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष जे.पी. अनुरागी, पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, गंगाचरण राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments