ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : समर्थ किसान पार्टी (सकिपा) के तत्वावधान में सोमवार को सिराथू ब्लॉक के कैमा, रामपुर धमावा और गौराहार गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जनमुद्दों पर चर्चा की। जनसंपर्क अभियान के तहत ग्राम गौराहार में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने जिले के विभिन्न मार्गों पर बालू लदे ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन पर चिंता जताई। लोगों का कहना था कि दिन-रात गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण सड़कें तेजी से जर्जर हो रही हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बैठक को संबोधित करते हुए सकिपा नेता अजय सोनी ने कहा कि जिले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ओवरलोड वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। विशेष रूप से कैमा और धमावा गांव के आसपास की सड़कें भारी वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि टूटी सड़कों के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं और कई लोग घायल भी हो चुके हैं।
अजय सोनी ने आरोप लगाया कि ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग से नियमित अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो समर्थ किसान पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस अवसर पर अशोक सोनी, भारत सिंह, लाल बहादुर यादव, जुम्मन अली, नरेंद्र मिश्र समेत कई ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 Comments