Ticker

6/recent/ticker-posts

अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, पन्द्रह छात्रों की दर्दनाक मौत...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

लखनऊ‌ : राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में लोक सेवा आयोग के पीछे संचालित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 13 छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से झुलस गए और घायल हुए हैं। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोचिंग सेंटर के भूतल पर स्थित एक दुकान में आग लगने के बाद घना धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। उस समय कक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। धुएं से घिरने के कारण कई छात्र अंदर फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों को दो मंजिला इमारत की छत और संकरे छज्जों से नीचे कूदना पड़ा, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष उपकरणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने फंसे हुए छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिलाधिकारी विशाख अय्यर, एडीसीपी नॉर्थ ट्विंकल जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।‌इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निकांड का संज्ञान लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी घायलों का इलाज सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए और किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हृदयविदारक हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही मुख्यमंत्री ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रदेश सरकार ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments