Ticker

6/recent/ticker-posts

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम एसपी ने बनाए रखी नज़र...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी भर्ती (एनरोलमेंट-2025) लिखित परीक्षा का प्रथम दिवस रविवार को महोबा जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। परीक्षा को नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए।

उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार प्रथम पाली में कुल 2064 अभ्यर्थियों में से 1552 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 512 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 2064 अभ्यर्थियों में से 1547 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 517 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा आगामी दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।


परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार लागू रहेंगी। जनपद में परीक्षा का प्रथम दिवस बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है।

Post a Comment

0 Comments