रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक विद्युत कर्मी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। बदमाशों ने हत्या के बाद शव को चरवा नगर पंचायत के बाराडोली गांव स्थित बाग के पास जंगल में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुबह बाराडोली गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि सड़क से कुछ दूरी पर जंगल में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पड़ी हुई है। सूचना पर थाना चरवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बाइक की जांच करने के साथ आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग शुरू की। तलाशी के दौरान बाइक से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान बाइक स्वामी राजू पुत्र देवीदीन निवासी ग्राम पंसौर, थाना चरवा के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि राजू विद्युत विभाग से जुड़ा कर्मचारी था। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
0 Comments