रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव में पाइप लाइन कनेक्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक महिला पर अवैध तमंचे की बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार शहजादपुर निवासी शाजिया बेगम ने आरोप लगाया कि पाइप कनेक्शन को लेकर पड़ोसी पक्ष से कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान कय्यूम ने गाली-गलौज की, जबकि उसका पुत्र जुनैद धक्का-मुक्की करने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पुत्र उवैद ने कमर में लगा तमंचा निकाल लिया और उसकी बट से शाजिया बेगम के सिर पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शुरुआती स्तर पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की और कुछ महिलाओं को थाने में बैठाए रखा। हालांकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोखराज पुलिस ने आरोपी उवैद को शहजादपुर स्थित एक मजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा तथा 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। मामूली विवाद से शुरू हुई घटना अब जानलेवा हमले और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में बदल गई है।
0 Comments