Ticker

6/recent/ticker-posts

करंट लगने से हेड कांस्टेबल की मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक हेड कांस्टेबल की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद निवासी हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा सैनी कोतवाली में तैनात थे। वह कोतवाली क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात परिजनों ने उनसे संपर्क करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर चिंतित परिजनों ने सैनी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी उनके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो हेड कांस्टेबल निरंजन कुशवाहा अचेत अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बाथरूम के दरवाजे में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों समेत विभागीय कर्मचारियों में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि होगी। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हेड कांस्टेबल की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments