Ticker

6/recent/ticker-posts

बेटे के साथ मिलकर दंपति ने की लाइनमैन की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र में लाइनमैन राजकुमार उर्फ राजू की निर्मम हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक दंपति और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग बेटी से कथित प्रेम संबंध और लगातार संपर्क बनाए रखने के विरोध में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार 8 जून की सुबह बाराडोली गांव के एक व्यक्ति ने थाना चरवा पुलिस को सड़क से कुछ दूरी पर जंगल में एक संदिग्ध बाइक पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास कॉम्बिंग की तो झाड़ियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान ग्राम पंसौर निवासी राजू पुत्र देवीदीन (30 वर्ष) के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना चरवा में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अंगद, उसकी पत्नी राजकुमारी और पुत्र लवकुश, निवासी मीरनपुर थाना चरवा, को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक राजू उनकी नाबालिग बेटी से बातचीत करता था और समझाने के बावजूद नहीं मान रहा था। आरोप है कि 7/8 जून की रात राजू उनके घर पहुंचा, जहां तीनों ने उसे पकड़ लिया और घर के अंदर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तलवार, कुल्हाड़ी, खुर्पी और फावड़ा बरामद किया। साथ ही मृतक का कटा हुआ सिर और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों के घर की दीवारों पर खून के छींटे भी पाए गए, जिन्हें फोरेंसिक परीक्षण के लिए सुरक्षित किया गया है।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को मीरनपुर प्राथमिक विद्यालय के पास जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया गया था, जबकि सिर और मोबाइल को जमीन में गाड़ दिया गया था ताकि मृतक की पहचान न हो सके। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments